Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

नियामतपुर-इस्को रोड पर गड्ढों पर लगा पैबंद: बोल्डर-छाई से अस्थायी मरम्मत, दुर्गापूजा से पहले पक्की सड़क की मांग

नियामतपुर । आखिरकार लंबे इंतजार के बाद नियामतपुर-इस्को रोड पर मरम्मत का काम शुरू हो गया है। महीनों से जर्जर पड़ी इस सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों में बर्नपुर इस्को प्रबंधन की ओर से बोल्डर और छाई डालकर अस्थायी रूप से भरने का काम किया गया है

बारिश के मौसम में इस सड़क की हालत और भी बदतर हो गई थी। जगह-जगह जलजमाव और गहरे गड्ढों की वजह से वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। इसी को देखते हुए तत्काल राहत के तौर पर यह मरम्मत कार्य कराया गया।

अधिकारी रहे मौजूद

मरम्मत कार्य के दौरान इस्को के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और काम की निगरानी करते देखे गए। वहीं, यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए नियामतपुर सब-ट्रैफिक पुलिस अधिकारी मृणाल कांति मुर्मू भी मौके पर पहुंचे और जायजा लिया।

अस्थायी काम से नहीं संतुष्ट स्थानीय लोग

हालांकि, इस अस्थायी मरम्मत से स्थानीय लोग पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। लोगों का कहना है कि बोल्डर और छाई से गड्ढे भरना कोई स्थायी समाधान नहीं है। एक-दो बारिश में ही यह सब फिर से बह जाएगा।

स्थानीय लोगों की मांग है कि दुर्गापूजा से पहले सड़क का स्थायी निर्माण कराया जाए। पूजा के दौरान इस रोड पर वाहनों और लोगों की भारी भीड़ होती है। अगर सड़क की पक्की मरम्मत नहीं हुई तो जाम और हादसों का खतरा और बढ़ जाएगा।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि त्योहार से पहले इस महत्वपूर्ण सड़क को पूरी तरह से दुरुस्त किया जाए ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।

 

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *