अब क्राइम सीन पर ही खुलेगा अपराध का राज: ADPC को मिली हाईटेक मोबाइल फॉरेंसिक वैन, 14 किट से लैस
आसनसोल । अपराधियों की अब खैर नहीं। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (ADPC) में अपराध की जांच अब और भी वैज्ञानिक और तेज होने वाली है। इसी दिशा में ADPC को एक बड़ी ताकत मिली है – अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन।
पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार ने खुद हरी झंडी दिखाकर इस विशेष वैन को रवाना किया। अब यह वैन सीधे अपराध स्थल पर पहुंचकर सबूत जुटाने में पुलिस की मदद करेगी।
क्राइम सीन पर ही होगी जांच
इस खास मौके पर ADPC के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और विभिन्न थानों के IC/OC मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को इस वैन की खूबियों और अपराध स्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने, उसे सुरक्षित रखने और प्राथमिक जांच करने की पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया।
पहले सबूतों को लैब तक भेजने में समय लगता था, लेकिन अब इस वैन के आने से मौके पर ही कई जांच हो सकेंगी।
14 तरह की फॉरेंसिक किट से लैस है वैन
यह कोई आम वैन नहीं है। इस मोबाइल फॉरेंसिक वैन में कुल 14 विशेष प्रकार की फॉरेंसिक किट मौजूद हैं। इनमें
जनरल एविडेंस कलेक्शन किट
DNA सैंपल कलेक्शन किट
ब्लड टेस्टिंग किट
और कई अन्य अत्याधुनिक वैज्ञानिक उपकरण शामिल हैं।
एविडेंस-बेस्ड इन्वेस्टिगेशन को मिलेगी मजबूती
इस वैन के आने से जांच अधिकारियों को अपराध स्थल पर ही महत्वपूर्ण साक्ष्यों की प्राथमिक जांच और उन्हें वैज्ञानिक तरीके से सुरक्षित रखने में काफी मदद मिलेगी। इससे जांच तेज होगी और सबूतों से छेड़छाड़ की गुंजाइश भी खत्म होगी।
ADPC अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल फॉरेंसिक सुविधा शुरू होने से अपराध जांच में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामलों को और भी मजबूत बनाया जा सकेगा।














