आसनसोल नगर निगम का बड़ा एक्शन, बकाया वसूली के लिए 1700 संस्थानों को नोटिस – रेलवे पर ₹27 करोड़, SAIL पर ₹12.5 करोड़ बकाया
आसनसोल। बकाया संपत्ति कर को लेकर आसनसोल नगर निगम अब सख्त मोड में आ गया है। निगम ने शहर के 1,700 से ज्यादा बड़े प्रतिष्ठानों, संस्थानों और व्यवसायिक इमारतों को नोटिस थमा दिया है। नोटिस में 7 दिनों के अंदर बकाया कर जमा करने की डेडलाइन दी गई है, नहीं तो निगम की तरफ से मिलने वाली सभी सेवाएं बंद कर दी जाएंगी।
यह कार्रवाई सिर्फ आम दुकानदारों तक सीमित नहीं है, बल्कि इस बार निगम ने रेलवे, SAIL और ECL जैसी बड़ी केंद्रीय संस्थाओं को भी नहीं बख्शा है, जिसके बाद शहर में यह चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है।
किस पर कितना बकाया? – आंकड़ा चौंकाने वाला
नगर निगम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सबसे ज्यादा बकाया बड़ी संस्थाओं पर है:
– भारतीय रेलवे पर: सर्विस टैक्स के रूप में लगभग ₹27 करोड़ बकाया
– SAIL (स्टील अथॉरिटी) पर: लगभग ₹12.50 करोड़ बकाया
– ECL (ईस्टर्न कोलफील्ड्स) पर: लगभग ₹1 करोड़ बकाया
इनके अलावा शहर के कई बड़े नामी होटल, शॉपिंग मॉल और बैंक्वेट हॉल भी डिफॉल्टर लिस्ट में हैं। सूत्रों के मुताबिक कुछ प्रतिष्ठानों पर 1 करोड़ से ज्यादा और एक बड़े बैंक्वेट हॉल पर अकेले लगभग 2 करोड़ रुपये का संपत्ति कर बकाया है।
क्यों सख्त हुआ निगम? विकास कार्य हो रहे हैं प्रभावित
निगम प्रशासन का कहना है कि करोड़ों रुपये बकाया होने से निगम के राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है और इसकी सीधी मार शहर के विकास कार्यों पर पड़ रही है। कई जगह ठेकेदारों का भुगतान भी इसी वजह से अटका हुआ है, जिसको लेकर हाल ही में निगम ने इंजीनियरों और ठेकेदारों के साथ बैठक भी की थी।
इस पूरे मामले पर नगर निगम के आयुक्त दिलीप मिश्रा ने कहा, “शहर के विकास के लिए संपत्ति कर की वसूली बहुत जरूरी है। सभी को नियमानुसार कर देना होगा। बकाया राशि मिलने से हम विकास कार्यों में और तेजी ला पाएंगे।”
7 दिन की डेडलाइन खत्म होने के बाद निगम क्या कार्रवाई करता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।














