आसनसोल में महिला सुरक्षा को मिली नई रफ्तार, CSR के तहत दुर्गा वाहिनी को मिलीं 5 इलेक्ट्रिक स्कूटी
आसनसोल। महिला सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने एक शानदार पहल की है। अब शहर की सड़कों पर दुर्गा वाहिनी की महिला पुलिस कर्मी और भी तेज गति से गश्त करती नजर आएंगी। इसके लिए उन्हें 5 नई इलेक्ट्रिक स्कूटी दी गई हैं।
CSR से मिला सहयोग, बढ़ेगी फील्ड में पकड़
ADPC (आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट) की पहल के बाद AIC Iron Industries Pvt. Ltd. और Adukia Industries ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) के तहत ये 5 ई-स्कूटी पुलिस को सौंपी हैं। इन स्कूटियों का इस्तेमाल महिला पुलिसकर्मी अपने ड्यूटी एरिया में गश्त करने, भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पहुंचने और किसी भी इमरजेंसी में तुरंत मौके पर पहुंचने के लिए करेंगी।
ई-स्कूटी होने से न सिर्फ उनकी गतिशीलता बढ़ेगी, बल्कि यह पर्यावरण के लिहाज से भी एक अच्छा कदम है।
हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम में सभी 5 स्कूटियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। झंडी दिखाने के तुरंत बाद दुर्गा वाहिनी की महिला जवान इन स्कूटियों पर सवार होकर अपनी ड्यूटी के लिए निकल पड़ीं।
इस मौके पर पुलिस के एसीपी रैंक के अधिकारी, Adukia Group के प्लांट हेड, HR हेड प्रधान कुमार, राजीव झा सहित कमिश्नरेट के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कंपनी प्रबंधन ने कहा कि वे भविष्य में भी पुलिस और समाज हित के ऐसे कार्यों में हमेशा सहयोग करते रहेंगे। पुलिस अधिकारियों ने भी इस सहयोग के लिए कंपनी का आभार जताया और कहा कि इससे महिला सुरक्षा व्यवस्था निश्चित रूप से और मजबूत होगी।














