Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

NH-19 पर सुबह-सुबह भीषण हादसा, खड़े ट्रक में घुसा केले से लदा ट्रक, केबिन में फंसे चालक-खलासी

कुल्टी । कुल्टी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह नेशनल हाईवे-19 पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। चौरंगी मोड़ के पास सर्विस रोड पर केले से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक खड़े ट्रक में जा घुसा। हादसे में ट्रक का केबिन पूरी तरह से चकनाचूर हो गया और चालक व खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए।

कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, केले से लदा ट्रक गुवाहाटी से आसनसोल की तरफ आ रहा था। चौरंगी मोड़ के पास पहुंचते ही चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया। बेकाबू ट्रक सीधे सर्विस रोड पर खड़े दूसरे ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आगे वाले ट्रक के परखच्चे उड़ गए।

स्थानीय लोगों ने बचाई जान
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत दौड़कर बचाव कार्य शुरू किया। चालक और खलासी केबिन में बुरी तरह फंसे हुए थे। खबर मिलते ही चौरंगी फाड़ी की पुलिस भी मौके पर पहुंची।

पुलिस और स्थानीय लोगों की काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को केबिन काटकर बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल भेजा गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जाम से परेशान हुए लोग
हादसे के बाद सर्विस रोड पर लंबा जाम लग गया। दोनों ट्रक सड़क पर ही फंसे रहने से गाड़ियों की कतार लग गई। पुलिस ने क्रेन मंगाकर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।

 

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *