Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

आसनसोल में बाल श्रम के खिलाफ बड़ा अभियान – गिरजा मोड़ पर लेबर कमिश्नर और पुलिस का जॉइंट रेड, दुकानदारों को दी अंतिम चेतावनी

आसनसोल । शहर में बाल श्रम रोकने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। सोमवार को आसनसोल लेबर कमिश्नर ऑफिस और आसनसोल दक्षिण थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से शहर के व्यस्ततम इलाके गिरजा मोड़ पर बड़ा जागरूकता-सह-जांच अभियान चलाया।

सभी दुकानों पर पहुंची टीम, मालिकों को पढ़ाया कानून का पाठ

अभियान के दौरान लेबर विभाग के अधिकारियों और पुलिस की टीम ने गिरजा मोड़ पर स्थित एक-एक दुकान, होटल, गैरेज और प्रतिष्ठान में जाकर जांच की। दुकान मालिकों को सख्त लहजे में निर्देश दिया गया कि – “14 साल से कम उम्र के किसी भी बच्चे को दुकान में काम पर रखना गंभीर कानूनी अपराध है। अगर कोई भी दुकानदार इस नियम का उल्लंघन करते पाया गया, तो उसके खिलाफ Child Labour Act के तहत FIR दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

अधिकारियों ने दुकानदारों को समझाया कि बचपन पढ़ने-लिखने और खेलने के लिए है, मजदूरी के लिए नहीं। किसी भी बच्चे का भविष्य खराब करने का हक किसी को नहीं है।

आगे होगी और सख्त कार्रवाई
लेबर कमिश्नर विभाग ने साफ कर दिया है कि यह सिर्फ चेतावनी थी। आने वाले दिनों में आसनसोल के सभी बड़े बाजारों – हट्टन रोड, जीटी रोड, कोर्ट मोड़ और रेलपार में अचानक छापेमारी की जाएगी।

पुलिस ने भी दुकानदारों से अपील की है कि अगर उन्हें कहीं भी कोई बच्चा काम करता दिखे तो तुरंत प्रशासन को सूचना दें।

इस संयुक्त कार्रवाई के बाद गिरजा मोड़ के दुकानदारों में हड़कंप मच गया है और लोगों ने प्रशासन के इस कदम की जमकर सराहना की है।

 

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *