Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

आसनसोल-दुर्गापुर में अपराध पर पुलिस का डबल अटैक – 230 किलो गांजा, पिस्तौल-रिवॉल्वर बरामद, डकैती की साजिश नाकाम

आसनसोल। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने नशा माफियाओं और हथियार तस्करों के खिलाफ जंग छेड़ दी है। पिछले एक महीने में पुलिस की डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (DD) ने लगातार छापेमारी कर अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया है और अवैध हथियारों के जखीरे को भी जब्त किया है।

नशे के सौदागरों पर सबसे बड़ा प्रहार – 230 किलो गांजा बरामद

पुलिस ने नशे के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई 5 अगस्त को की। DD की टीम ने झारखंड के जामताड़ा से एक बड़े गांजा सप्लायर को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर बाराबनी थाना क्षेत्र से करीब 122 किलो गांजा बरामद हुआ।

जांच में पता चला कि यह एक बड़ा अंतरराज्यीय सिंडिकेट है। इसी नेटवर्क का पीछा करते हुए पुलिस ने पहले सालानपुर से 105 किलो और जामुड़िया से 4 किलो गांजा जब्त किया था। इस तरह कुल बरामदगी लगभग 230 किलो तक पहुंच गई है।

एक और कार्रवाई में दुर्गापुर बैराज के पास पुलिस ने ओडिशा से बस से आए तीन तस्करों को 53.238 किलो गांजा और 43 पैकेट के साथ रंगे हाथों पकड़ा।

अवैध हथियारों का जखीरा भी बरामद

20 अगस्त को DD और जामुड़िया थाना पुलिस ने नॉर्थ सीयरसोल कोलियरी के एक बंद पड़े क्वार्टर में छापा मारकर हथियारों का जखीरा बरामद किया। वहां से एक 7MM पिस्तौल, एक रिवॉल्वर, दो देसी पाइप गन और 8 जिंदा कारतूस मिले।

वहीं पंजाबी मोड़ में पुलिस ने बड़ी वारदात को होने से पहले ही रोक दिया। डकैती की तैयारी में जुटे 4 बदमाशों को मारुति वैन समेत गिरफ्तार किया गया। उनके पास से पाइप गन, कारतूस, खंजर, तलवार, लोहे की रॉड और रस्सी बरामद हुई। इस गैंग के दो और सदस्य बाइक से भाग निकले, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस कमिश्नरेट ने साफ कहा है कि यह अभियान सिर्फ छोटी गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगा। पुलिस का लक्ष्य है – सप्लाई के स्रोत तक पहुंचना और इस पूरे नेटवर्क की जड़ को खत्म करना।

 

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *