आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट में महिला सुरक्षा पर बड़ा कदम – पॉश अधिनियम पर हुई विशेष कार्यशाला
आसनसोल । आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने कार्यस्थल पर महिला कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर एक अहम पहल की है। कमिश्नरेट कार्यालय में कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम (पॉश) अधिनियम पर एक विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
जज और बड़े अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में पश्चिम बर्धमान के जिला जज, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के सचिव और पुलिस कमिश्नरेट के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
आमंत्रित कानूनी विशेषज्ञों ने पॉश कानून के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कानून क्या है, कार्यस्थल पर महिला और पुरुष कर्मचारियों की क्या जिम्मेदारियां हैं और यौन उत्पीड़न की किसी भी घटना को कैसे रोका जा सकता है और शिकायत मिलने पर क्या कार्रवाई करनी चाहिए।
जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर
कार्यशाला में पुरुष और महिला दोनों पुलिसकर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान एक ऐसे कार्यस्थल के निर्माण पर जोर दिया गया जहां –
– हर कर्मचारी को सम्मान और समानता मिले
– गरिमा को सबसे ऊपर रखा जाए
– यौन उत्पीड़न के खिलाफ जीरो टॉलरेंस यानी बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाई जाए।














