पानागढ़ में बड़ा हादसा टला – सुबह-सुबह स्कूटी शोरूम में लगी भीषण आग, ऊपर स्कूल और परिवार था मौजूद
पानागढ़ । मंगलवार सुबह पानागढ़ के दार्जिलिंग मोड़ पर एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। यहां तीन मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर बने स्कूटी शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरी दुकान आग के गोले में बदल गई और अंदर खड़ी कई नई स्कूटियां जलकर राख हो गईं।
स्कूल और परिवार ऊपर ही था, सुबह होने से बची जान
सबसे डराने वाली बात यह थी कि जिस इमारत में शोरूम है, उसकी पहली मंजिल पर बच्चों का स्कूल और दूसरी मंजिल पर एक परिवार रहता है।
गनीमत यह रही कि आग सुबह करीब 5 बजे लगी, जब स्कूल बंद था और बच्चे नहीं आए थे। अगर यही आग 2-3 घंटे बाद लगती तो एक बहुत बड़ा हादसा हो सकता था।
मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखा धुआं
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह टहलने निकले लोगों ने पहले इमारत से काला धुआं और लपटें उठते देखीं। तुरंत शोर मचाया गया और दमकल विभाग को खबर दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां और कांकसा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चला है, दमकल विभाग जांच कर रहा है। राहत की बात है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन शोरूम को लाखों का नुकसान हुआ है।














