बर्नपुर । आईएसपी सहित सेल की हड़ताल को सफल बनाने के लिए सोमवार की सुबह से ही पांच श्रमिक संगठनों इंटक, एटक, सीटू, बीएमएस व एचएमएस के नेता व कार्यकर्ता आईएसपी के हर गेट पर मौजूद दिखे। उन्होंने हड़ताल के दिन ड्यूटी पर आये कर्मियों से वापस जाने का आह्वान किया। आईएसपी के टनल गेट के पास फ्लाईओवर ब्रिज के पास बड़ी संख्या में हड़ताली कर्मचारी मौजूद थे। इस दौरान विभिन्न श्रमिक संगठनों के कार्यकर्ताओं-समर्थकों ने हड़ताल के समर्थन में नारे लगाये। दूसरी ओर, वाहन गेट पर एक अलग ही नजारा देखने को मिला, जहां हड़ताल समर्थक यूनियन कार्यकर्ताओं के अलावा आईएनटीटीयूसी कार्यकर्ता भी मौजूद थे। यहां, आईएनटीटीयूसी कार्यकर्ताओं ने हड़ताल के दिन ड्यूटी पर आने वाले श्रमिकों को संयंत्र में प्रवेश करने में मदद की, जिससे हड़ताल समर्थकों में आक्रोश फैल गया। यहां विभिन्न यूनियनों के नेताओं ने कर्मियों से हड़ताल को सफल बनाने का आग्रह किया।