कोलकाता की ट्राम को मिलेगा ऑस्ट्रेलियाई टच! परिवहन विभाग में बड़ी बैठक, आधुनिक होगी सिटी की लाइफलाइन
आकाश सिंह
कोलकाता । कोलकाता की पहचान, शहर की ऐतिहासिक ट्राम अब नए अवतार में दिख सकती है। पश्चिम बंगाल के परिवहन विभाग ने ट्राम सेवा के आधुनिकीकरण और पूरे परिवहन सिस्टम को अपग्रेड करने के लिए ऑस्ट्रेलिया के साथ हाथ मिलाने की तैयारी शुरू कर दी है।
आज परिवहन विभाग में ऑस्ट्रेलिया के कॉन्सुल जनरल बर्नार्ड लिंच के साथ एक हाई-लेवल बैठक हुई। इस बैठक में कोलकाता की परिवहन व्यवस्था को और अधिक आधुनिक, सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
क्या हुई चर्चा?
1. ट्राम का पुनरुद्धार: कोलकाता की शान रही ट्राम सेवा को नई तकनीक और आधुनिक सुविधाओं के साथ फिर से कैसे जीवंत किया जाए, इस पर सबसे ज्यादा जोर रहा।
2. निवेश का ऑफर: ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों ने बंगाल के परिवहन क्षेत्र में निवेश और तकनीकी सहयोग में गहरी रुचि दिखाई है।
3. टेंडर में आमंत्रण: बैठक में ऑस्ट्रेलियाई कंपनियों को राज्य सरकार की विभिन्न निविदा (Tender) प्रक्रियाओं में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
इस साझेदारी के बाद उम्मीद है कि कोलकाता की सड़कों पर जल्द ही आधुनिक तकनीक से लैस, ज्यादा तेज और पर्यावरण-फ्रेंडली ट्राम दौड़ती नजर आएंगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक में सीनियर इकोनॉमिक रिसर्च एंड विजिट्स ऑफिसर अनघा, कॉरपोरेट सर्विसेज मैनेजर राजीव घोष और सीनियर रिसर्च ऑफिसर एंजेलिना नायर भी मौजूद रहीं।
सरकार का लक्ष्य साफ है – पुरानी विरासत को बचाते हुए, आधुनिक तकनीक के साथ बंगाल के परिवहन को भविष्य के लिए तैयार करना।














