रानीगंज में हड़कंप! NSB रोड पर गिरा विशालकाय शीशम का पेड़, NH-60 तक लगा भीषण जाम – स्कूली बच्चों और यात्रियों में अफरा-तफरी
रानीगंज । रानीगंज की लाइफलाइन कही जाने वाली NSB रोड पर बुधवार सुबह से हाहाकार मचा हुआ है। मंगलवार देर रात करीब 12 बजे के बाद शिशु बागान मोड़ पर एक विशाल प्राचीन शीशम का पेड़ अचानक भरभराकर सड़क पर गिर गया।
पेड़ इतना बड़ा था कि पूरी सड़क ही ब्लॉक हो गई।
सुबह होते ही विकराल हुआ जाम
रात में ट्रैफिक कम होने से ज्यादा असर नहीं दिखा, लेकिन बुधवार सुबह होते ही स्थिति बेकाबू हो गई। स्कूल बसें, ऑफिस जाने वाले लोग जब सड़क पर निकले तो दोनों तरफ गाड़ियों की किलोमीटर लंबी लाइन लग गई।
इस जाम का असर अब NH-60 तक पहुंच गया है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है।
पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोग जेसीबी और कटर मशीन लेकर पेड़ को हटाने में जुट गए हैं। विशाल तने को काट-काट कर सड़क से हटाया जा रहा है, लेकिन काम में अभी समय लग रहा है।
फिलहाल NSB रोड पर यातायात पूरी तरह ठप है। पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है।














