पांडवेश्वर के हरिपुर में फिर दहशत! मूसलाधार बारिश के बाद 7/9 पिट के पास धंसी जमीन, बाल-बाल बची महिला
पांडवेश्वर । रातभर हुई मूसलाधार बारिश के बाद पांडवेश्वर विधानसभा के हरिपुर इलाके में एक बार फिर धंसान की घटना ने लोगों की नींद उड़ा दी है।
बुधवार सुबह 7/9 पिट के पुराने चाणक्य के पास मंडल पाड़ा में अचानक जमीन धंस गई। सुबह-सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर बड़े गड्ढे पर पड़ी तो पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
एक महिला बाल-बाल बची
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त एक महिला उसी रास्ते से गुजर रही थी। गनीमत रही कि वह धसान की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
2018 से वही हाल, सुरक्षा के नाम पर कुछ नहीं – भाजपा नेता
घटना को लेकर भाजपा नेता रविंद्र यादव ने ECL प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है।
वर्ष 2018 में भी इसी जगह पर आग लगने की बड़ी घटना हुई थी। तब ECL ने सुरक्षा का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक जमीन पर कोई ठोस काम नहीं हुआ।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुराने खदान क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर ECL और प्रशासन पूरी तरह लापरवाह है।
स्थानीय लोगों में डर का माहौल
लगातार हो रही बारिश से जमीन और कमजोर हो रही है, जिससे लोगों का डर और बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और ECL प्रबंधन से तुरंत मौके का निरीक्षण कर इलाके को सुरक्षित करने और बैरिकेडिंग करने की मांग की है।














