खतरे में मैथन-पंचेत! लगातार बारिश से डैम उफान पर, खतरे के निशान से सिर्फ 10 फीट दूर पानी
आसनसोल । तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने अब बड़ी टेंशन बढ़ा दी है। मैथन और पंचेत डैम में पानी का जलस्तर खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंच गया है, जिससे धनबाद से लेकर आसनसोल तक के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।
कितना है जलस्तर?
ताजा जानकारी के मुताबिक स्थिति बेहद नाजुक है –
– मैथन डैम: मौजूदा जलस्तर 485 फीट, खतरे का निशान 495 फीट
– पंचेत डैम: मौजूदा जलस्तर 415 फीट, खतरे का निशान 425 फीट
यानी दोनों ही डैम खतरे के निशान से सिर्फ 10 फीट नीचे हैं।
DVC अलर्ट पर, पानी छोड़ना शुरू
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए DVC और केंद्रीय जल आयोग की टीमें 24 घंटे निगरानी कर रही हैं। डैम पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए गेट और गैलरी के जरिए नियंत्रित तरीके से पानी छोड़ा जा रहा है।
नदी किनारे न जाएं – प्रशासन की अपील
डैम से पानी छोड़े जाने के कारण बराकर और दामोदर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। इसे देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे बसे लोगों को अलर्ट कर दिया है और नदी के पास न जाने की अपील की है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने को भी कहा गया है।
मौसम विभाग ने अगर बारिश जारी रहने की चेतावनी दी तो स्थिति और बिगड़ सकती है, इसलिए पूरे शिल्पांचल में प्रशासन हाई अलर्ट पर है।














