आसनसोल में आफत बनकर बरसी बारिश! सड़कें बनीं तालाब, घरों में घुसा पानी – जल-जमाव से त्राहिमाम
आसनसोल । आसनसोल में पिछले 24 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। शहर के कई इलाके पानी-पानी हो गए हैं। सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं और निचले इलाकों में तो बारिश का पानी लोगों के घरों और दुकानों में घुस गया है।
घरों में घुसा नाले का पानी, लोग बेहाल
सबसे ज्यादा बुरा हाल निचले इलाकों – रामकृष्ण डंगाल, रेलपार, कालीपहाड़ी, हाटन रोड, दिलदार नगर और सेंट्रल इलाकों का है। लोगों के घरों में घुटने तक पानी भर गया है। किचन से लेकर बेडरूम तक पानी ही पानी। लोगों को अपना सामान ऊंची जगह पर रखना पड़ रहा है।
आवाजाही ठप, स्कूल-ऑफिस जाने में दिक्कत
जलजमाव के कारण मुख्य सड़कों पर भी 2 से 3 फीट तक पानी जमा है। इससे बाइक और छोटी गाड़ियों का चलना मुश्किल हो गया है। सुबह ऑफिस और स्कूल जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर लोग पानी में घुसकर जाने को मजबूर हैं।
हर साल वही कहानी, कब मिलेगा समाधान?
स्थानीय लोगों में इस बार भारी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि यह कोई नई बात नहीं है, हर साल बारिश में यही हाल होता है।
“हर साल नालियां जाम हो जाती हैं, वादा होता है सफाई का, लेकिन जमीन पर कुछ नहीं होता। कब तक हम हर बारिश में घर में पानी झेलते रहेंगे? प्रशासन को अब स्थायी ड्रेनेज सिस्टम बनाना ही होगा।”
फिलहाल लोग बस बारिश थमने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उससे भी ज्यादा उन्हें इस समस्या के परमानेंट समाधान का इंतजार है।














