कुल्टी में जनता की जीत! टोटो चालक पर अत्याचार के आरोप में घिरे सांकतोड़िया फाड़ी के अधिकारी देवबाबू की ड्यूटी पर लगी रोक
कुल्टी । गरीब टोटो चालक पर कथित अत्याचार के मामले में कुल्टी में हुए जोरदार विरोध का बड़ा असर देखने को मिला है। जन आक्रोश के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए सांकतोड़िया फाड़ी के अधिकारी देवबाबू की ड्यूटी पर आज से रोक लगा दी है।
बताया जा रहा है कि अधिकारी देवबाबू पर एक गरीब टोटो चालक के साथ दुर्व्यवहार और अत्याचार करने का आरोप लगा था। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में भारी गुस्सा था। लोगों ने सांकतोड़िया फाड़ी के सामने विरोध प्रदर्शन कर न्याय की मांग की थी।
प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा था कि उनका यह विरोध किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि गरीब के साथ हुए अन्याय के खिलाफ है।
विरोध प्रदर्शन के दबाव के बाद प्रशासन हरकत में आया और अधिकारी को फाड़ी की ड्यूटी से हटा दिया गया। इसे आम जनता की एकजुटता की बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है। समर्थकों का कहना है कि जब जनता एकजुट होकर अन्याय के खिलाफ आवाज उठाती है, तो प्रशासन को झुकना ही पड़ता है।
फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन की तरफ से आधिकारिक बयान आना बाकी है और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वहीं प्रदर्शनकारियों ने कहा है कि अन्याय के खिलाफ उनकी यह लड़ाई जारी रहेगी।














