Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

जामुड़िया में रफ्तार का कहर! मिनीबस की टक्कर से 35 वर्षीय फैक्ट्री कर्मी की दर्दनाक मौत, निमडांगा में सड़क जाम कर लोगों ने किया हंगामा

जामुड़िया । जामुड़िया थाना क्षेत्र के निमडांगा इलाके में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। तेज रफ्तार मिनीबस की चपेट में आने से बाइक सवार एक निजी फैक्ट्री कर्मचारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतक की पहचान योगेश मंडल(35) के रूप में हुई है, जो जामुड़िया के एक निजी फैक्ट्री में काम करता था। बताया जा रहा है कि योगेश रोज की तरह अपनी मोटरसाइकिल से काम पर जा रहा था, तभी निमडांगा के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार मिनीबस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि योगेश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और फैक्ट्री के कर्मचारी मौके पर जमा हो गए। गुस्साए लोगों ने जामुड़िया-चांदा मुख्य सड़क को पूरी तरह से जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई।

सूचना मिलते ही जामुड़िया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को काफी समझाने-बुझाने का प्रयास किया और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हो सका।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया है और मिनीबस को जब्त कर लिया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है। इस हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।

 

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *