दुर्गापुर में उपभोक्ता अधिकारों की पाठशाला, मंत्री डॉ. अजय पोद्दार बोले- जागरूक ग्राहक ही बाजार को ईमानदार बनाता है
दुर्गापुर। आज के बाजार में ठगी से बचना है तो ग्राहक को अपने अधिकार पता होने चाहिए। इसी संदेश के साथ उपभोक्ता अधिकार संरक्षण सप्ताह के तहत दुर्गापुर नगर निगम के डॉ. बी.सी. रॉय हॉल में एक बड़े जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के मंत्री डॉ. अजय पोद्दार शामिल हुए और उन्होंने स्कूली छात्रों और आम लोगों को अपने हक के प्रति जागरूक किया।
‘अपना बिल लेना और सवाल पूछना आपका हक है’ – मंत्री अजय पोद्दार
अपने संबोधन में मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने कहा, “दुकानदार से पक्का बिल लेना, एक्सपायरी डेट देखना और गलत सामान पर शिकायत करना आपका अधिकार है, एहसान नहीं। एक जागरूक उपभोक्ता ही सुरक्षित और पारदर्शी बाजार की असली नींव है। जब ग्राहक जागेगा, तभी बाजार में ईमानदारी आएगी।”
उन्होंने खासकर युवाओं से अपील की कि ऑनलाइन शॉपिंग करते वक्त भी वे अपने अधिकारों को जानें और किसी भी तरह की धोखाधड़ी पर चुप न बैठें
मंच पर अधिकारियों का जमावड़ा, छात्रों ने जाना शिकायत का तरीका
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में दुर्गापुर-बर्धमान जिले के तमाम बड़े अधिकारी मौजूद रहे। मंच पर विधायक चंद्रशेखर बनर्जी, जिलाधिकारी पोनंबलम एस. (IAS), अपर जिलाधिकारी बिक्रम चटर्जी (WBCS), नगर निगम आयुक्त अबुल कलाम आजाद इस्लाम (WBCS), ADDA की CEO अदिति चौधरी (IAS) और नगर निगम सचिव अभिजीत सामंत की मौजूदगी रही।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। उपभोक्ता विभाग के अधिकारियों ने उन्हें बताया कि कैसे किसी दुकानदार द्वारा ज्यादा दाम लेने, नकली सामान देने या गलत विज्ञापन दिखाने पर कंज्यूमर फोरम में शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को सुरक्षित खरीदारी और अपने अधिकारों के प्रति सजग करना था ताकि बाजार में कोई भी ग्राहक ठगा न जाए।














