जमुड़िया में महिलाओं का सैलाब! अन्नपूर्णा योजना के समर्थन में हजारों लाभार्थी उतरी सड़क पर, सरकार को दिया धन्यवाद
जमुड़िया | शिल्पांचल टुडे
जमुड़िया की सड़कों पर रविवार को कुछ अलग ही नजारा देखने को मिला। अन्नपूर्णा भंडार योजना के समर्थन में हजारों महिलाएं हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर सड़क पर उतर आईं। जमुड़िया विधानसभा के मंडल-1 में आयोजित इस विशाल रैली और पथसभा में महिलाओं की भारी भीड़ ने सबका ध्यान खींच लिया।
इस जनसैलाब का नेतृत्व भाजपा नेता देबतानु भट्टाचार्य ने किया।
सरकार को महिलाओं ने कहा – थैंक यू
रैली में शामिल ज्यादातर महिलाएं अन्नपूर्णा योजना की लाभार्थी थी। महिलाओं का कहना था कि इस योजना से उनके घर के राशन और रोजमर्रा के खर्च में बड़ी राहत मिली है। कार्यक्रम में महिलाओं ने जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए सरकार का आभार जताया।
रैली के बाद आयोजित पथसभा में वक्ताओं ने कहा कि सरकार का असली मकसद योजनाओं को कागज से निकालकर गरीब और जरूरतमंद लोगों की थाली तक पहुंचाना है।
देबतानु भट्टाचार्य ने क्या कहा?
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेता देबतानु भट्टाचार्य ने कहा –
“हमारी राजनीति का केंद्र सिर्फ और सिर्फ आम आदमी है। अन्नपूर्णा जैसी योजनाएं इस बात का सबूत हैं कि हम विकास के साथ-साथ जनकल्याण को भी प्राथमिकता दे रहे हैं। आज हजारों माताओं-बहनों का इस रैली में आना इस बात का प्रमाण है कि लोगों का भरोसा विकास की राजनीति पर है।”
इस कार्यक्रम में भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में काफी उत्साह देखने को मिला और सभी ने एक स्वर में बंगाल में विकास की रफ्तार को और तेज करने की बात कही।














