Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

मंदारमणि में पर्यटकों से मारपीट पर बवाल! समाजसेवी फिरोज खान ने CMO और बंगाल पुलिस में दर्ज कराई शिकायत, रिसॉर्ट का लाइसेंस रद्द करने की मांग

पश्चिम बंगाल, 6 सितंबर 2026 | शिल्पांचल टुडे

दीघा-मंदारमणि में घूमने गए एक पर्यटक परिवार के साथ हुई कथित मारपीट के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस घटना को लेकर समाजसेवी और इंडोयूजी कॉमर्स एंड सोशल काउंसिल (आईसीएससी) के चेयरमैन फिरोज खान (एफके) ने कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ), पश्चिम बंगाल और पश्चिम बंगाल पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है।

यह पूरी घटना पूर्व मेदिनीपुर जिले के मंदारमणि स्थित स्वर्णमयी बीच रिसॉर्ट की बताई जा रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में काफी गुस्सा है।

क्या है पूरा मामला?

शिकायत के अनुसार, पर्यटक परिवार और रिसॉर्ट के कर्मचारियों के बीच पार्किंग को लेकर एक छोटा सा विवाद हुआ था। आरोप है कि इस छोटे से विवाद के बाद रिसॉर्ट के कर्मचारियों ने पर्यटक परिवार के सदस्यों के साथ बेरहमी से मारपीट की।

सबसे शर्मनाक बात यह है कि इस मारपीट में महिलाओं, छोटे बच्चों और परिवार के बुजुर्ग सदस्यों को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ भी कथित तौर पर दुर्व्यवहार और हाथापाई की गई। घटना से जुड़े कई वीडियो और तस्वीरें मीडिया और सोशल मीडिया पर सामने आई हैं।

फिरोज खान ने की सख्त कार्रवाई की मांग

समाजसेवी फिरोज खान (एफके) ने अपनी शिकायत में इस घटना को बंगाल के पर्यटन की छवि पर धब्बा बताया है और कई बड़ी मांगें की हैं –

1. आरोपियों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर केस शुरू किया जाए।
2. मारपीट में शामिल सभी लोगों की पहचान की जाए।
3. वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सभी सबूतों की गहनता से जांच हो।
4. मामले की निष्पक्ष और तेज जांच कर दोषियों के खिलाफ सबसे सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
5. स्वर्णमयी बीच रिसॉर्ट का लाइसेंस / रजिस्ट्रेशन रद्द किया जाए ताकि भविष्य में कोई भी होटल या रिसॉर्ट पर्यटकों के साथ ऐसी गुंडागर्दी करने की हिम्मत न करे।

फिरोज खान ने कहा, “पर्यटकों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय से कोई भी समझौता नहीं होना चाहिए। बंगाल अपनी मेहमाननवाजी के लिए जाना जाता है। ऐसी घटनाओं पर तुरंत और सख्त कार्रवाई होगी, तभी पश्चिम बंगाल आने वाले पर्यटकों का विश्वास और मजबूत होगा।”

शिकायत दर्ज, जांच शुरू

इस मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय में दर्ज शिकायत का आईडी नंबर CMO1000049391 है, वहीं पश्चिम बंगाल पुलिस में दर्ज शिकायत का नंबर 32695089072600004 है। पुलिस में यह शिकायत 6 सितंबर 2026 को पूर्व मेदिनीपुर जिले के मंदारमणि कोस्टल थाने में दर्ज हुई है।

 

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *