बंगाल में शिक्षक भर्ती पर बड़ा अपडेट! CM शुभेंदु अधिकारी बोले – सुप्रीम कोर्ट की डेडलाइन 31 मई 2027 से पहले होगी भर्ती, इंटरव्यू के नंबर 5 से ज्यादा नहीं
कोलकाता | शिल्पांचल टुडे विशेष
पश्चिम बंगाल के लाखों शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने शिक्षक भर्ती को लेकर अपना प्लान साफ कर दिया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ऐलान किया है कि नई शिक्षक भर्ती पूरी तरह पारदर्शी होगी और सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के निर्देश पर ही की जाएगी। इसमें सबसे ज्यादा महत्व मेरिट और लिखित परीक्षा को दिया जाएगा।
क्या है सुप्रीम कोर्ट की डेडलाइन?
दरअसल, 2016 के SSC भर्ती घोटाले में अनियमितता पाए जाने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने करीब 25,753 शिक्षकों की नियुक्ति रद्द कर दी थी। कोर्ट ने योग्य शिक्षकों को राहत देते हुए 31 मई 2027 तक नौकरी पर बने रहने की इजाजत दी है, लेकिन साथ ही सख्त आदेश दिया है कि इसी तारीख तक नई भर्ती प्रक्रिया हर हाल में पूरी करनी होगी। कोर्ट ने साफ कहा है कि यह आखिरी मौका है, इसके बाद कोई एक्सटेंशन नहीं मिलेगा।
अब इंटरव्यू नहीं, लिखित परीक्षा से होगी भर्ती
इस बार सरकार बड़े बदलाव के साथ भर्ती करने जा रही है –
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंटरव्यू/वाइवा के नंबर 5 से ज्यादा नहीं रखे जाएंगे। इसका मतलब साफ है कि जुगाड़ या सिफारिश का खेल खत्म, नौकरी अब सिर्फ लिखित परीक्षा में मिले नंबरों और मेरिट के आधार पर ही मिलेगी।
साथ ही भर्ती से जुड़ी हर जानकारी, मेरिट लिस्ट और काउंसलिंग की डेट SSC की आधिकारिक वेबसाइट पर डाली जाएगी ताकि कोई धांधली न हो।
OBC आरक्षण बना रोड़ा
भर्ती में देरी की एक वजह OBC आरक्षण के नए नियम भी हैं। नए प्रावधान लागू होने के बाद SSC को अपनी मेरिट लिस्ट और पूरी प्रक्रिया को नए सिरे से बनाना पड़ रहा है।
अब सबसे बड़ा सवाल…
सवाल यही है कि क्या सरकार 31 मई 2027 की डेडलाइन से पहले 25 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती पूरी कर पाएगी?
सरकार ने पारदर्शिता का वादा तो कर दिया है, लेकिन हजारों अभ्यर्थियों की नजर अब SSC के अगले एक्शन पर टिकी है।














