114 साल की परंपरा जीवंत! आसनसोल में श्री बारनवाल दुर्गा पूजा समिति ने की खूँटी पूजा, शुरू हुई माँ के आगमन की तैयारी
आसनसोल | शिल्पांचल टुडे
दुर्गा पूजा में अभी समय है, लेकिन आसनसोल में माँ के आगमन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर की सबसे पुरानी और ऐतिहासिक पूजाओं में से एक, श्री बारनवाल दुर्गा पूजा समिति ने आज विधि-विधान के साथ खूँटी पूजा की।
44 नंबर वार्ड में गूंजा – जय माँ दुर्गा
आसनसोल उत्तर विधानसभा के 44 नंबर वार्ड, शिव मंदिर रोड पर समिति की ओर से भव्य खूँटी पूजा का आयोजन किया गया। यह पूजा कोई साधारण पूजा नहीं, बल्कि 114 वर्षों की विरासत है। चार पीढ़ियों से चली आ रही इस परंपरा को आज भी उसी श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाया जा रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने समिति के सदस्यों के साथ मिलकर खूँटी पूजन किया और माँ दुर्गा से पूरे क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
सिर्फ पूजा नहीं, संस्कृति का प्रतीक
पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि यह दुर्गा पूजा सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं है। यह आसनसोल की सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का प्रतीक है। हर साल इस पूजा में पूरा मोहल्ला एक परिवार की तरह जुटता है।
खूँटी पूजा के साथ ही पंडाल निर्माण का कार्य भी शुरू हो गया है। स्थानीय लोगों में इसको लेकर काफी उत्साह देखा गया।














