रानीगंज में चलती बाइक बनी आग का गोला! NH-14 पर धू-धू कर जली बाइक, स्थानीय दुकानदारों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
रानीगंज | शिल्पांचल टुडे
रानीगंज के सियर्सोल राजबाड़ी मोड़ के पास सोमवार दोपहर करीब 1 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग-14 (NH-14) पर एक चलती बाइक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरी बाइक आग के गोले में तब्दील हो गई और काले धुएं से पूरा इलाका भर गया।
अस्पताल जा रहे थे पति-पत्नी
जानकारी के अनुसार बाइक सवार अंडाल के बहुला निवासी धर्मेंद्र हरिजन अपनी पत्नी के साथ स्वास्थ्य जांच के लिए सियर्सोल राजबाड़ी मोड़ पहुंचे थे। मोड़ के पास पहुंचते ही बाइक से धुआं निकलने लगा।
धर्मेंद्र ने बताया कि उन्होंने तुरंत बाइक रोककर उसका विद्युत कनेक्शन काटने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही सेकंड में पूरी बाइक उसकी चपेट में आ गई।
दुकानदार बने फरिश्ता, फायर एक्सटिंग्विशर से पाया काबू
जिस जगह यह घटना हुई वह काफी भीड़भाड़ वाला इलाका है। सड़क किनारे दुकानें और कई वाहन खड़े थे, इसलिए आग फैलने पर बड़ा हादसा हो सकता था।
लेकिन स्थानीय दुकानदारों ने हिम्मत दिखाई। आग की लपटें देखते ही वे तुरंत फायर एक्सटिंग्विशर, पानी और धूल लेकर दौड़े और कई मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। बाइक बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई है, लेकिन गनीमत रही कि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।














