उखड़ा झूलन मेले में सनसनी! सर्कस के तंबू में फंदे से लटका मिला कर्मी का शव, जश्न के बीच पसरा मातम
अंडाल | शिल्पांचल टुडे
खनन क्षेत्र का प्रसिद्ध उखड़ा झूलन मेला इस साल भी पूरे धूमधाम से शुरू हो गया है। मेले में रंग-बिरंगी दुकानें, झूले और आकर्षण का केंद्र बना सर्कस लोगों को खूब लुभा रहा था, लेकिन मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे उत्सव के माहौल में सनसनी फैला दी।
तंबू के अंदर लटका मिला शव
मंगलवार सुबह सर्कस के तंबू के अंदर एक कर्मी का शव फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ। देखते ही देखते मेले में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 57 वर्षीय अनिल कुमार ठाकुर के रूप में हुई है, जो नदिया जिले के बेताई गांव के रहने वाले थे।
घटना की सूचना मिलते ही अंडाल थाना क्षेत्र की उखड़ा फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कौन थे अनिल कुमार ठाकुर?
सर्कस कंपनी के मैनेजर रथींद्र कुमार चटर्जी ने बताया कि अनिल बाबू सर्कस के तंबू को बांधने और उसका डिजाइन तैयार करने के काम में बेहद दक्ष थे। कंपनी में पहले यह काम करने वाले व्यक्ति उम्र ज्यादा होने के कारण काम छोड़ चुके थे, जिसके बाद कुछ दिन पहले ही अनिल जी ने कंपनी से संपर्क कर यह जिम्मेदारी संभाली थी।
रथींद्र बाबू ने बताया कि सोमवार रात साढ़े आठ बजे तक अनिल बाबू सामान्य रूप से काम कर रहे थे। फिर मंगलवार सुबह अचानक उनके मौत की खबर मिली।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि जो व्यक्ति रात तक ठीक-ठाक काम कर रहा था, उसका शव सुबह फंदे से लटका कैसे मिला? क्या यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह है?
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।














