स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में बंगाल की हवा खराब! आसनसोल की रैंकिंग में भारी गिरावट, कोलकाता-हावड़ा भी सबसे निचले पायदान पर
आसनसोल | शिल्पांचल टुडे
केंद्र सरकार द्वारा जारी स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 की ताजा रैंकिंग में पश्चिम बंगाल के लिए चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। वायु गुणवत्ता और प्रदूषण नियंत्रण के मामले में राज्य के बड़े शहर कई पायदान नीचे खिसक गए हैं, जिसने राज्य की पर्यावरण प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आसनसोल को सबसे बड़ा झटका
10 लाख से अधिक आबादी वाले प्रमुख शहरों की कैटेगरी-1 में आसनसोल की रैंकिंग में सबसे भारी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले दो वर्षों से लगातार 20वें स्थान पर अपनी जगह बनाए रखने वाला औद्योगिक शहर आसनसोल इस बार लुढ़ककर सीधे 32वें पायदान पर पहुंच गया है।
पर्यावरण विशेषज्ञों के मुताबिक आसनसोल-दुर्गापुर औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ता धूल प्रदूषण, निर्माण कार्यों से उड़ती धूल और वाहनों का धुआं इसकी मुख्य वजह बन रहा है।
कोलकाता-हावड़ा का हाल सबसे बुरा
राज्य की राजधानी और औद्योगिक शहरों का प्रदर्शन तो और भी निराशाजनक रहा है।
– हावड़ा – 40वें स्थान पर
– कोलकाता – 47वें स्थान पर (नीचे से दूसरा स्थान)
मतलब देश के 47 बड़े शहरों में कोलकाता दूसरे सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में आ गया है।
उठे गंभीर सवाल
इन आंकड़ों ने साफ कर दिया है कि महानगरों में वायु प्रदूषण को रोकने के लिए जो दावे किए जा रहे थे, वे जमीनी स्तर पर कारगर साबित नहीं हो रहे हैं। धूल नियंत्रण, कचरा जलाने पर रोक और हरियाली बढ़ाने जैसे उपायों पर और अधिक सख्ती से काम करने की जरूरत है, वरना आने वाले समय में यह स्थिति जन स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।














