Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

आसनसोल के रवींद्र भवन में 14 सितंबर को अखिल भारतीय हिंदी महासभा की ऐतिहासिक राष्ट्रीय संगोष्ठी, देश भर की प्रमुख महिलाएं होंगी शामिल

आसनसोल। हिंदी भाषा, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण को समर्पित संगठन अखिल भारतीय हिंदी महासभा द्वारा एक विशाल राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। यह संगोष्ठी आगामी 14 सितंबर को आसनसोल के प्रसिद्ध रवींद्र भवन में सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक चलेगी।

इस संबंध में संगठन के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री अमित रजक ने जानकारी देते हुए बताया कि इस संगोष्ठी का मुख्य विषय “बहु विद्या सखियां : राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में महिलाओं का योगदान” रखा गया है।

श्री रजक ने बताया कि अखिल भारतीय हिंदी महासभा 1949 से लगातार पूरे भारत में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समन्वय, एकता और विकास के उद्देश्य से काम कर रहा है। देश के अलग-अलग राज्यों में अब तक ऐसे कई कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं और अब इस ऐतिहासिक क्रम में पश्चिम बंगाल साक्षी बनने जा रहा है।

6 सत्रों में होगी गहन चर्चा:

उन्होंने बताया कि यह पूरा कार्यक्रम 6 सत्रों में विभाजित होगा। हर सत्र में महिला सशक्तिकरण, उनकी भूमिका और उनके योगदान पर गहन चर्चा होगी।

इस संगोष्ठी में देश की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार के 4 मंत्री, पश्चिम बंगाल की 25 महिला विधायिका, राज्य के शिक्षा मंत्री, समाजसेवी और बुद्धिजीवी इस कार्यक्रम में अपने विचार रखेंगे। इसके लिए पिछले 15 दिनों से आसनसोल के सात विधानसभा क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क और दौरा किया जा रहा है।

संस्कार और संस्कृति का संगम:

संगोष्ठी का संध्याकालीन सत्र बेहद खास होगा। इसमें देश के प्रसिद्ध भजन सम्राट अनूप जलोटा और लोकप्रिय गायिका मैथिली ठाकुर द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।

श्री अमित रजक ने कहा कि इस मंच से घर संभालने वाली गृहिणी से लेकर देश की सीमा पर काम करने वाली, खेत में काम करने वाली और कॉर्पोरेट में काम करने वाली महिलाओं तक के अमूल्य योगदान को सम्मान दिया जाएगा। साथ ही महिला आरक्षण बिल और महिलाओं के भविष्य को लेकर भी गंभीर चर्चा होगी।

उन्होंने कोयलांचल के सभी नागरिकों, विशेषकर मातृ शक्ति से इस ऐतिहासिक संगोष्ठी में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।

मौके ओम नारायण प्रसाद के साथ अन्य मौजूद थे।

 

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *