आसनसोल के पॉश जेनेक्स एस्कॉटिका में आग से हड़कंप, शॉर्ट सर्किट से भड़की आग में बाल-बाल बचा परिवार
आसनसोल । आसनसोल शहर के सबसे पॉश आवासीय परिसरों में से एक जेनेक्स एस्कॉटिका में मंगलवार को आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दोपहर के समय अचानक लगी इस आग ने पूरे परिसर में दहशत फैला दी।
पहली मंजिल के फ्लैट में भड़की आग
घटना टावर नंबर 5 की पहली मंजिल स्थित एक फ्लैट की है। बताया जा रहा है कि आग की शुरुआत किचन से हुई और देखते ही देखते इसने विकराल रूप ले लिया। काले धुएं का गुबार उठता देख आसपास के फ्लैट में रहने वाले लोग घबराकर बाहर निकल आए।
सूचना मिलते ही दमकल की एक इंजन मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो यह आग अन्य फ्लैटों तक भी फैल सकती थी।
फ्रिज में शॉर्ट सर्किट से हादसे की आशंका
प्रारंभिक जांच में फ्रिज में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। हालांकि दमकल विभाग और पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आग लगने के असली कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
बैंककर्मी के परिवार की बाल-बाल बची जान
जिस फ्लैट में यह हादसा हुआ, वहां बैंककर्मी सचिन अम्बष्टा अपने परिवार के साथ रहते हैं। हादसे के वक्त उनकी पत्नी और मासूम बच्चा घर में ही मौजूद थे। आग लगते ही चीख-पुकार मच गई, लेकिन पड़ोसियों और सुरक्षा कर्मियों की मदद से दोनों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मौके पर पहुंचे विधायक और प्रशासन
घटना की सूचना मिलते ही इलाके के भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी के साथ-साथ पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटना स्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन फ्लैट के अंदर रखा काफी सामान जलकर खाक हो गया है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।














