आज कोलकाता में गूंजेगा ‘गेरुआ का सम्मान’, गोलपार्क से जादवपुर तक निकलेगी विशाल ‘गेरुआ सम्मान यात्रा’
कोलकाता। बंगाल की राजधानी कोलकाता की सड़कों पर आज भगवा रंग की लहर देखने को मिलेगी। त्याग, साहस और सनातन परंपरा के प्रतीक गेरुआ के सम्मान में आज ‘गेरुआ सम्मान यात्रा’ निकाली जाएगी, जिसे लेकर राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
गोलपार्क से जादवपुर तक गूंजेगा जयघोष
आयोजकों द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, यह भव्य पदयात्रा आज बुधवार, 9 सितंबर को दोपहर 3 बजे कोलकाता के गोलपार्क से शुरू होकर जादवपुर तक जाएगी। यात्रा में बड़ी संख्या में समर्थकों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है।
सिर्फ रंग नहीं, संस्कार है गेरुआ
आयोजकों ने साफ कहा है कि यह यात्रा किसी राजनीतिक प्रदर्शन से कहीं बढ़कर है। उनका कहना है – “गेरुआ केवल एक रंग नहीं है, यह त्याग, आत्मबलिदान, साहस, आत्मनिवेदन और सनातन आध्यात्मिक परंपरा का प्रतीक है।”
यात्रा का मुख्य उद्देश्य गेरुआ से जुड़े ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है। आयोजकों का मुख्य नारा है –
“गेरुआ का सम्मान, इतिहास का सम्मान और आत्मत्याग का सम्मान”
क्यों है अहम ये यात्रा?
बंगाल की राजनीति में जहां लगातार सांस्कृतिक अस्मिता की बात हो रही है, ऐसे में यह यात्रा बंगाल की आध्यात्मिक विरासत और बलिदान की परंपरा को याद करने के प्रयास के रूप में देखी जा रही है।
अब सबकी नजरें आज दोपहर गोलपार्क पर टिकी हैं। देखना होगा कि यह ‘गेरुआ सम्मान यात्रा’ कोलकाता की सड़कों पर कितना जन सैलाब लाती है और बंगाल के सार्वजनिक विमर्श में क्या नया संदेश देती है।














