आसनसोल-दुर्गापुर में साइबर ठगों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, नियामतपुर से 10 साइबर अपराधी गिरफ्तार – भारी मात्रा में डिजिटल खजाना जब्त
आसनसोल । आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने साइबर अपराध के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर में संगठित साइबर धोखाधड़ी के गुप्त नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 10 शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है।
एक साथ कई ठिकानों पर छापा
पुलिस को लंबे समय से नियामतपुर में साइबर ठगी के रैकेट के सक्रिय होने की गुप्त सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर आज सुबह पुलिस ने एक साथ कई संदिग्ध ठिकानों पर समन्वित अभियान चलाया। अचानक हुई इस कार्रवाई से साइबर अपराधियों में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मौके से 10 लोगों को धर दबोचा।
क्या-क्या हुआ बरामद? – डिजिटल सबूतों का जखीरा
छापेमारी के दौरान पुलिस को साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में उपकरण और दस्तावेज मिले हैं। जब्त सामानों की लिस्ट देखकर पुलिस भी हैरान है –
दर्जनों मोबाइल फोन, कंप्यूटर और लैपटॉप
राउटर और अन्य नेटवर्किंग डिवाइस
कई बैंकों के ATM / डेबिट कार्ड
हार्ड डिस्क और पेन ड्राइव
बैंक पासबुक, चेकबुक और फर्जी दस्तावेज
बड़े नेटवर्क की तलाश में पुलिस
पुलिस ने इस मामले में विशिष्ट केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इनके तार कहां-कहां जुड़े हैं, पैसों का लेन-देन कहां से हो रहा था और इस नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस कमिश्नरेट ने साफ संदेश दिया है – “जहां भी साइबर ठगी का नेटवर्क मिलेगा, वहां ऐसी ही कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।”














