चोवा लाल स्कूल में धूमधाम से मनी तुलसी जयंती, बच्चों की प्रस्तुति ने मोहा मन
आसनसोल | शिल्पांचल टुडे
वर्षों से चली आ रही परंपरा को कायम रखते हुए चोवा लाल विद्यालय में संत शिरोमणि गोस्वामी तुलसीदास की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई।
विद्यालय के सभा प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता आस्था के संयोजक एवं अवकाश प्राप्त हिंदी शिक्षक नवीन चंद्र सिंह ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ गोस्वामी जी के तैल चित्र पर श्रद्धा-सुमन अर्पित कर किया गया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक जनाब जावेद आलम ने अपने स्वागत भाषण में तुलसीदास जी के राम भक्ति और उनके महान साहित्यिक व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए सभी अतिथियों का स्वागत किया।
बच्चों की प्रस्तुति रही आकर्षण का केंद्र
स्वागत गायन के बाद शिक्षिका वीणा पांडेय ने “भए प्रगट कृपाला…” भजन से कार्यक्रम का आगाज किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गायन, भाषण और गीति नाट्य “राम वनवास” की शानदार प्रस्तुति दी। बच्चों ने अपनी प्रतिभा से सभी का दिल जीत लिया।
अतिथियों ने दिया प्रेरणादायक संदेश
बतौर मुख्य वक्ता डॉ. ऋषि कुमार ने बहुत ही सहज और सरल भाषा में बच्चों को महाकवि तुलसीदास के व्यक्तित्व और कृतित्व से अवगत कराया। वहीं भाजपा की जिला उपाध्यक्ष एवं युवा नेत्री आशा शर्मा ने बच्चों को समाज, साहित्य, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति निष्ठा व समर्पण का संदेश दिया।
शिक्षक अनिल कुमार सिंह और शिक्षिका वीणा पांडेय की संगीत जुगलबंदी की सभी ने खूब सराहना की।
इस अवसर पर रणजीत सिंह, संतोष प्रसाद, अनंग मोहन नंदी, संजय मंडल, अरुण कुमार, अनामिका गुप्त, संपा मांझी, रिंकू सिंह, माधुरी नोनिया और शोभा मरांडी सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती रिंकू सिंह और अनिल कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से किया।














