Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

डिसेरगढ़ के पुरुलिया पुल पर दर्दनाक हादसा, युवक की मौत के बाद लोगों ने किया रोड जाम, लॉरी जब्त

कुल्टी | शिल्पांचल टुडे
डिसेरगढ़ के पुरुलिया पुल पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जिसके बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने मुआवजे और आरोपी वाहन और ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।

(मृतक का फाइल फोटो)

कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक युवक सांकोड़िया के हातिनाल इलाके का रहने वाला था। वह काम खत्म कर अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान पुरुलिया पुल पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

मुआवजे की मांग पर सड़क जाम
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनकी मांग थी कि फरार वाहन को तुरंत पकड़ा जाए और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए। काफी देर तक आवागमन बाधित रहा।

पुलिस ने पकड़ी लॉरी, तब खुला जाम
सूचना मिलते ही कुल्टी थाना की सांकोड़िया फांड़ी और पुरुलिया के नेतुड़िया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने की कोशिश की।

काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने हादसे में शामिल लॉरी को पकड़ लिया। लॉरी पकड़े जाने के बाद ही लोगों ने जाम हटाया और पुल पर यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *