आसनसोल में बागेश्वर धाम सरकार का पोस्टर जलाना पड़ा भारी, पुलिस ने एक युवक को दबोचा, CJM कोर्ट में पेशी
आसनसोल | शिल्पांचल टुडे
आसनसोल में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का पोस्टर जलाने का मामला तूल पकड़ गया है। इस विवादित घटना को लेकर आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कौन है गिरफ्तार आरोपी?
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान 43 वर्षीय अरूप मुखर्जी के तौर पर हुई है। वह आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के 01 नंबर मोहिषीला कॉलोनी के शिमुलतला इलाके में दुर्गा मंदिर के पास का रहने वाला है। पुलिस ने उसे उसके घर से ही हिरासत में लिया है।
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ केस
इस मामले में 10 सितंबर 2026 को आसनसोल दक्षिण थाने में कांड संख्या 372/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की गंभीर धाराओं 189(2), 299 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना), 302, 326(f) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है।
कोर्ट में पेश, पुलिस को चाहिए रिमांड
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आसनसोल के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) की अदालत में पेश किया। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने अदालत से आरोपी की पुलिस कस्टडी की मांग की है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस घटना के पीछे कोई साजिश तो नहीं है और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, वहीं इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने लोगों से सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।














