अंडाल में बड़ा हादसा! जलाशय किनारे साइकिल-कपड़े मिले, युवक के डूबने की आशंका से हड़कंप, सुबह से चल रहा सर्च ऑपरेशन
अंडाल | शिल्पांचल टुडे
अंडाल थाना क्षेत्र के पीआर जामबाद इलाके से एक चिंताजनक खबर सामने आ रही है। यहां एक जलाशय में एक युवक के डूबने की आशंका जताई जा रही है। शनिवार सुबह से ही जलाशय में युवक की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
जलाशय किनारे मिले साइकिल और कपड़े
जानकारी के अनुसार, जलाशय के किनारे एक साइकिल और कपड़े पड़े हुए मिले हैं। जिसे देखने के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों को आशंका है कि युवक जलाशय में डूब गया है। साइकिल और कपड़े मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
काम पर निकला था, लौटा ही नहीं
परिजनों ने बताया कि युवक शुक्रवार सुबह साइकिल लेकर काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। लेकिन शाम तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद आज सुबह जलाशय के पास उसकी साइकिल और कपड़े मिले, जिसके बाद तुरंत अंडाल थाने की पुलिस को सूचना दी गई।
नाव से चल रहा तलाशी अभियान
सूचना मिलते ही अंडाल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में बचाव दल ने जलाशय में तलाशी अभियान शुरू किया। युवक की तलाश के लिए नाव और स्टीमर को भी पानी में उतारा गया है और गोताखोर पानी के अंदर लगातार तलाश कर रहे हैं।
हालांकि अभी तक युवक के डूबने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही उसका शव बरामद हुआ है। पुलिस और बचाव दल का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।














