दुर्गापुर में साइबर ठगी के बड़े रैकेट का भंडाफोड़, CCTV वाले घर में चल रहा था खेल, जामताड़ा कनेक्शन वाला मास्टरमाइंड समेत 10 गिरफ्तार
दुर्गापुर | शिल्पांचल टुडे
दुर्गापुर में पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। बाहर से सामान्य दिखने वाले घर के अंदर हाईटेक तरीके से साइबर ठगी का जाल चल रहा था, और घर के बाहर लगे CCTV कैमरों से पूरे इलाके पर नजर रखी जा रही थी।
दुर्गापुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए इस नेटवर्क से जुड़े 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।
तीन इलाकों में एक साथ छापेमारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि सोनारतरी, नईम नगर और मस्जिद महल्ला इलाके में कुछ घरों में साइबर ठगी का काम चल रहा है। इसके बाद पुलिस ने एक साथ तीनों जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी *मुन्ना अंसारी* समेत 10 लोगों को धर दबोचा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में झारखंड के कुख्यात जामताड़ा का एक युवक भी शामिल है, जो इस पूरे रैकेट में अहम भूमिका निभा रहा था।
घर से कंप्यूटर, लैपटॉप और कई डिवाइस जब्त
छापेमारी के दौरान एक आरोपी के घर से पुलिस ने कई कंप्यूटर, लैपटॉप, मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी घर के बाहर CCTV लगाकर रखते थे ताकि पुलिस या किसी बाहरी व्यक्ति की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। अंदर बैठकर वे लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।
कोर्ट में पेश, DCP ने दी जानकारी
सभी आरोपियों को दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश कर पुलिस हिरासत में लेने की मांग की गई है।
इस पूरे मामले पर DCP (East) रासप्रीत सिंह ने बताया कि कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं और आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के तार कहां-कहां तक जुड़े हैं और इसमें और कितने लोग शामिल हैं।
पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह नेटवर्क सिर्फ दुर्गापुर तक सीमित था या इसके तार जामताड़ा समेत देश के अन्य राज्यों तक फैले हुए हैं।
