आसनसोल में प्रदूषण पर गरजीं मंत्री अग्निमित्रा पॉल – “प्रदूषण लेवल कम नहीं, जीरो करना होगा, लोगों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं”
बर्नपुर | शिल्पांचल टुडे
आसनसोल शिल्पांचल में बढ़ते प्रदूषण को लेकर अब राज्य सरकार भी सख्त मूड में है। आसनसोल दक्षिण की विधायक और राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया है।
रविवार को बर्नपुर के भारती भवन में राढ़ बांग्ला साहित्य परिषद और भारती भवन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित साहित्य-संस्कृति सम्मेलन में शामिल होने के बाद मंत्री ने पत्रकारों से बात करते हुए यह बात कही।
स्पंज आयरन फैक्ट्रियों पर निशाना
मंत्री ने सीधे तौर पर कहा कि मंगलपुर की स्पंज आयरन फैक्ट्री समेत जामुड़िया और आसनसोल दक्षिण की कई फैक्ट्रियों से भारी प्रदूषण फैल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए पहले कई बार चिट्ठी लिखी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा, “आसनसोल का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) अभी बहुत ज्यादा है। यह चिंता का विषय है।”
परिवहन और उद्योग मंत्री से करेंगी बात
अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि वे इस मामले को लेकर जल्द ही राज्य के परिवहन मंत्री और उद्योग मंत्री से बात करेंगी। साथ ही जिले के डीएम को भी पूरे मामले की जांच करने को कहेंगी।
उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग को सक्रिय होना होगा और देखना होगा कि किस गाड़ी के पास वैध पॉल्यूशन सर्टिफिकेट और जरूरी कागजात हैं या नहीं।
फैक्ट्रियों को सख्त चेतावनी
शिल्पांचल के प्रदूषण पर मंत्री ने फैक्ट्री मालिकों को साफ चेतावनी दी। उन्होंने कहा –
“आधुनिक टेक्नोलॉजी और मशीनों से फैक्ट्री का प्रदूषण कंट्रोल किया जा सकता है। लेकिन खर्च बचाने के लिए अगर मशीन का इस्तेमाल नहीं किया गया तो यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
उनका साफ संदेश था – “प्रदूषण लेवल को सिर्फ कम नहीं, जीरो करना होगा। बिजनेस के फायदे के लिए आम लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ नहीं करने देंगे।”
अंत में उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि प्रदूषण से जुड़ी कोई भी शिकायत सीधे सरकार को बताएं, ताकि तुरंत एक्शन लिया जा सके।















