आज एक साथ दो बड़े पर्व का संगम – गणपति बप्पा का आगमन और सुहागिनों का तीज, चारों तरफ भक्ति और उल्लास का माहौल
आसनसोल | शिल्पांचल टुडे
आज का दिन बेहद शुभ और खास है, क्योंकि आज एक ही दिन दो बड़े पर्व गणेश पूजा और हरतालिका तीज एक साथ पड़ रहे हैं। एक तरफ जहां विघ्नहर्ता गणपति बप्पा के आगमन से बाजारों और पंडालों में रौनक है, वहीं दूसरी तरफ सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी उम्र के लिए तीज का निर्जला व्रत रखा है।
बप्पा के स्वागत में सजा शहर
आज गणेश चतुर्थी है। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। लोग अपने घरों और पंडालों में गणपति बप्पा की स्थापना कर रहे हैं। ढोल-नगाड़ों के साथ “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारे गूंज रहे हैं। 10 दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में बप्पा सभी के विघ्न हरेंगे और सुख-समृद्धि देंगे।
तीज पर सुहागिनों में उत्साह
वहीं आज हरतालिका तीज भी है। यह व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए सबसे कठिन और महत्वपूर्ण माना जाता है। महिलाएं आज निर्जला व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा कर रही हैं। मान्यता है कि इस दिन माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए घोर तपस्या की थी।
आज सुबह से ही महिलाएं सोलह श्रृंगार कर, मेहंदी लगाकर पूजा की तैयारी में जुटी हैं। मंदिरों में शिव-पार्वती की विशेष पूजा हो रही है।
दो त्योहारों का अद्भुत संयोग
एक ही दिन बप्पा का आगमन और तीज का मिलन इस दिन को और भी शुभ बना रहा है। लोगों का मानना है कि आज के दिन पूजा करने से दोगुना फल मिलता है। घरों में जहां गणेश जी की आरती हो रही है, वहीं तीज की कथा भी सुनी जा रही है।
शहर में आज भक्ति, श्रृंगार और उत्सव का एक अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।















