आसनसोल में बड़ा हादसा टला – नगर निगम के पास पलटा यात्रियों से भरा टोटो, बच्चे समेत 3 लोग थे सवार, ट्रैफिक पुलिस ने बचाई जान
आसनसोल | शिल्पांचल टुडे
आसनसोल नगर निगम के पास मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यात्रियों से भरा एक टोटो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। टोटो में ड्राइवर के अलावा एक छोटे बच्चे के साथ उसके माता-पिता भी सवार थे। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई और सभी बाल-बाल बच गए।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टोटो सामान्य गति में जा रहा था तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर पलट गया। टोटो पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग दौड़कर मदद के लिए पहुंचे।
ट्रैफिक गार्ड पुलिस बनी फरिश्ता
घटना की जानकारी मिलते ही पास में ही मौजूद आसनसोल दक्षिण ट्रैफिक गार्ड की पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई। पुलिसकर्मियों ने फुर्ती दिखाते हुए पलटे हुए टोटो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और सुरक्षित सड़क किनारे पहुंचाया। बच्चों समेत सभी यात्रियों के सुरक्षित होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
टोटो चालकों की लापरवाही पर फिर उठे सवाल
हालांकि इस बार बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर शहर में टोटो चालकों की मनमानी और तेज रफ्तार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई टोटो चालक यात्रियों को जल्दी पहुंचाने के चक्कर में तेज गति, अचानक मोड़, और खतरनाक तरीके से ओवरटेक करते हैं। छोटे-छोटे टोटो में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाना भी आम बात हो गई है।
लोगों का कहना है कि सिर्फ हादसे के बाद कार्रवाई ही काफी नहीं है, बल्कि टोटो की गति और ट्रैफिक नियमों के पालन पर रोजाना सख्त निगरानी जरूरी है, ताकि कुछ मिनट की जल्दबाजी किसी परिवार के लिए जीवन भर का संकट न बन जाए।















