आसनसोल में गंदगी फैलाने वालों की अब खैर नहीं, बोरो-6 में नगर निगम कमिश्नर का औचक छापा – उषाग्राम और कालीपहाड़ी में मचा हड़कंप
आसनसोल | शिल्पांचल टुडे
आसनसोल शहर को साफ-सुथरा और स्वच्छ रखने के लिए आसनसोल नगर निगम अब एक्शन मोड में आ गया है। सार्वजनिक जगहों पर कचरा फेंकने वालों पर नकेल कसने के लिए निगम ने औचक निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है।
कमिश्नर खुद उतरे सड़क पर
इसी अभियान के तहत बुधवार को नगर निगम आयुक्त के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने बोरो-6 के उषाग्राम और कालिपहाड़ी इलाके में अचानक छापा मारा। अधिकारियों को अचानक अपने बीच देखकर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
टीम ने गली-गली घूमकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान कई जगहों पर सड़क किनारे और खुले में कचरा जमा पाया गया, जिस पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई।
बार-बार अपील के बाद भी नहीं सुधर रहे लोग
नगर निगम की ओर से पहले ही कई बार लोगों से अपील की जा चुकी है कि वे घर का कचरा सड़क किनारे, नाली में या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर न फेंके। इसके लिए डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन की गाड़ियां भी नियमित रूप से आती हैं। इसके बावजूद कुछ लोग लापरवाही कर रहे हैं।
निगम अधिकारियों ने बताया कि इस औचक निरीक्षण का मकसद सिर्फ सफाई कर्मचारियों की हाजिरी चेक करना नहीं, बल्कि यह देखना है कि लोग निगम के निर्देशों का कितना पालन कर रहे हैं।
लोगों को किया जागरूक
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और दुकानदारों से बात की और उन्हें समझाया कि सार्वजनिक स्थान पर कचरा फेंकने से न सिर्फ शहर की सुंदरता खराब होती है, बल्कि बीमारियां भी फैलती हैं। निगम ने चेतावनी दी है कि अगर अब भी लोग नहीं माने तो जुर्माना और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।















