Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

आसनसोल में टोटो परिचालन पर बड़ी रोक! जुबली मोड़ पर No-Entry, हटन रोड हुआ वन-वे – ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया नया प्लान

आसनसोल | शिल्पांचल टुडे

आसनसोल में टोटो (E-Rickshaw) के कारण लगने वाले जाम से अब लोगों को राहत मिलेगी। जिला प्रशासन और आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर बड़ा बदलाव किया है।

जुबली मोड़ पर टोटो बैन

प्रशासन द्वारा लिए गए नए फैसले के अनुसार, शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक जुबली मोड़ पर टोटो का परिचालन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। टोटो विवाद और लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह सख्त कदम उठाया गया है।

हटन रोड बना वन-वे

वहीं शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए हटन रोड को वन-वे कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार अब हटन रोड से इस्माइल, अस्पताल मोड़, शनि मंदिर, आश्रम मोड़ होते हुए रेलवे स्टेशन तक जाने वाले मार्ग की पूरी ट्रैफिक व्यवस्था को मॉडिफाई किया गया है।

मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे नए रूट प्लान का पालन करें, वन-वे नियम के अनुसार ही वाहन चलाएं और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। उन्होंने लोगों से कुछ दिनों तक धैर्य बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की।

स्थानीय लोगों में नाराजगी, स्कूलों के कारण परेशानी

हालांकि, प्रशासन के इस अचानक लिए गए फैसले से स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि इस इलाके में कई बड़े स्कूल हैं और अभी परीक्षाएं चल रही हैं। अचानक वन-वे और टोटो बंद होने से छात्रों और अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने सुझाव दिया है कि इस तरह के बड़े बदलाव से पहले लाउडस्पीकर से पर्याप्त घोषणा की जानी चाहिए थी और दुर्गा पूजा के बाद इस नई व्यवस्था को लागू किया जाता तो ज्यादा बेहतर होता।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *