बर्नपुर में विश्वकर्मा पूजा के मंच से मंत्री का विपक्ष पर बड़ा हमला – बोलीं, अदालत जा सकते हो पर जनता की अदालत ने सबको उखाड़ फेंका
बर्नपुर। शिल्पांचल टुडे
विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर बर्नपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने बंगाल में उद्योग की स्थिति को लेकर भी बड़ा बयान दिया।
जनता की अदालत सबसे बड़ी अदालत
मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात रखने और अदालत जाने का अधिकार है। लेकिन दो अदालतें ऐसी हैं जहां से कोई नहीं बच सकता – एक ईश्वर की अदालत और दूसरी लोकतंत्र की अदालत।
उन्होंने कहा, “बंगाल की जनता ने सबको उखाड़ कर फेंक दिया है। पीछे मुड़कर देखिए, न कांग्रेस का अस्तित्व है, न सीपीएम का, न तृणमूल का। जनता के साथ धोखाधड़ी करने और जनता को ठगने का यही अंजाम होता है। आप अदालत जा सकते हैं, लेकिन जनता की अदालत ने अपना फैसला सुना दिया है, आप कहीं नहीं हैं।”
बंगाल में उद्योग पर बड़ा बयान – सिंगूर ही नहीं हर जगह आएगा उद्योग
राज्य में उद्योग की संभावनाओं पर बात करते हुए मंत्री ने कहा कि विश्वकर्मा आराधना के माध्यम से सिर्फ सिंगूर ही क्यों, पूरे बंगाल में उद्योग आएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी बंगाल में उद्योग को लेकर बेहद एग्रेसिव भूमिका निभा रहे हैं। इसके लिए एक ग्रुप ऑफ मिनिस्टर्स (GOM) का गठन किया गया है, जिसमें उन्हें भी शामिल किया गया है।
GOM पूरे बंगाल की लैंड पॉलिसी पर काम कर रहा है ताकि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस सिर्फ कागजों पर नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर भी आसान हो सके।
मंत्री ने दावा किया कि आज बंगाल में निवेश को लेकर विदेशी कंपनियों में भी उत्साह है। उन्होंने कहा, “आज बाहर से इतनी सारी इंडस्ट्री आ रही है, सिर्फ देश से ही नहीं, विदेश से भी। आज फ्रांस, इटली, जर्मनी से लोग आ रहे हैं जो बंगाल में इन्वेस्ट करना चाहते हैं।”















