Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

पांडवेश्वर में वर्चस्व की लड़ाई – दो किन्नर गुटों में खूनी संघर्ष, 8 घायल, 2 की हालत नाजुक; थाने के सामने 3 घंटे तक हंगामा

पांडवेश्वर । शिल्पांचल टुडे

पांडवेश्वर में रविवार दोपहर किन्नर समाज के दो गुटों के बीच क्षेत्र पर कब्जे और वसूली को लेकर हिंसक झड़प हो गई। स्टेशन रोड स्थित हनुमान मंदिर के सामने हुई इस मारपीट में करीब 8 लोग घायल हो गए, जिनमें 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायलों का इलाज रानीगंज के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

क्यों हुआ विवाद?

पश्चिम बर्धमान किन्नर समाज के गुरु बितन तिवारी ने आरोप लगाया कि उनके समूह से कुछ लोगों को चोरी के आरोप में निष्कासित किया गया था। आरोप है कि निष्कासित लोग अब पांडवेश्वर में किराए पर मकान लेकर अवैध रूप से उसी इलाके में कलेक्शन कर रहे हैं।

रविवार दोपहर करीब 1 बजे बितन तिवारी गुट के कुछ लोग हनुमान मंदिर के पास समाज के काम से गए थे, तभी निष्कासित गुट ने अपने साथ स्थानीय लोगों को लेकर उन पर हमला कर दिया।

बितन तिवारी का आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडे और चाकू से हमला किया, साथ ही उनके लोगों से ढोल, सोने के आभूषण और नकद रुपये भी लूट लिए।

थाने के सामने 3 घंटे तक प्रदर्शन, 4 हिरासत में

घटना के बाद गुस्साए किन्नर समाज के लोगों ने पांडवेश्वर थाने के सामने जमकर प्रदर्शन किया। दोपहर 1:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक चले प्रदर्शन के दौरान उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 4 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

फिलहाल दूसरे गुट का पक्ष सामने नहीं आया है। पांडवेश्वर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *