अंडाल विमाननगरी में जमीन ली, सुविधा नहीं – कमर्शियल प्लॉट मालिकों का फूटा गुस्सा, वेलफेयर एसोसिएशन की AGM में उठा मेंटेनेंस के नाम पर वसूली का मुद्दा
अंडाल, शिल्पांचल टुडे
अंडाल एयरपोर्ट सिटी यानी विमाननगरी में कमर्शियल जमीन खरीदने वाले व्यवसायी खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। रविवार शाम को अंडाल विमाननगरी वेलफेयर एसोसिएशन की वार्षिक आम बैठक (AGM) में यही मुद्दा गरमाया रहा।
बैठक में सदस्यों ने साफ कहा कि उन्होंने एयरपोर्ट परिसर में यह सोचकर करोड़ों की कमर्शियल जमीन ली थी कि यहाँ वर्ल्ड-क्लास सुविधाएं मिलेंगी और उद्योग-व्यापार लगाकर रोजगार पैदा करेंगे। लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है।
“मेंटेनेंस लो, सुविधा दो नहीं”
एसोसिएशन के सदस्यों का आरोप है कि जिस बुनियादी सुविधाओं – जैसे सड़क, पानी, बिजली, ड्रेनेज, सुरक्षा का वादा करके कमर्शियल जोन बेचा गया था, वह आज तक पूरी तरह से उपलब्ध नहीं कराया गया है।
हैरानी की बात यह है कि सुविधा नहीं होने के बावजूद जमीन मालिकों से हर महीने मेंटेनेंस चार्ज वसूला जा रहा है। व्यवसायियों का कहना है कि वे ईमानदारी से भुगतान कर रहे हैं, लेकिन बदले में उन्हें विकास नहीं मिल रहा।
नई सरकार से लगाई गुहार – ‘गोल्डन सिटी’ का सपना होगा पूरा?
बैठक में मौजूद सदस्यों ने कहा कि अगर प्रशासन और संबंधित अधिकारी कमर्शियल प्लॉट से जुड़ी सभी जरूरी सुविधाएं दे दें, तो यह पूरा इलाका जल्द ही बंगाल का सबसे बड़ा बिजनेस हब बन सकता है।
संगठन ने दावा किया कि सुविधाएं मिलते ही यहाँ फैक्ट्री, शोरूम, होटल और लॉजिस्टिक हब खुलेंगे, जिससे हजारों स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। बेहतर प्लानिंग के साथ अंडाल विमाननगरी आने वाले दिनों में ‘गोल्डन सिटी’ के रूप में पहचान बना सकती है।
एसोसिएशन ने अपनी मांग मीडिया के माध्यम से प्रशासन और नई सरकार तक पहुंचाई है और जल्द समाधान की मांग की है।















