Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

आसनसोल का मास्टरप्लान तैयार: बंद फैक्ट्रियों में फिर गूंजेंगे सायरन, बनेगा एलिवेटेड कॉरिडोर और नया टाउनशिप – मंत्री अग्निमित्रा पाल ने किया ऐलान

आसनसोल । शिल्पांचल टुडे
आसनसोल को अब सिर्फ एक औद्योगिक शहर नहीं, बल्कि एक प्लान्ड और स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री और आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल ने शहर के लिए एक मेगा दीर्घकालिक विकास योजना का खुलासा किया है। यह योजना अगले 30 साल की आबादी और ट्रैफिक के दबाव को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है।

मंत्री ने गिनाए 6 बड़े प्रोजेक्ट:

1. उद्योगों के लिए जमीन बैंक:
आसनसोल-दुर्गापुर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए भविष्य में आने वाले बड़े निवेश और उद्योगों के लिए पहले से जमीन चिन्हित कर बैंक बनाया जा रहा है, ताकि निवेशक को जमीन के लिए भटकना न पड़े।

2. बंद कारखानों में फिर से जान:
शहर में सालों से बंद पड़े हिंदुस्तान लीवर, ब्लू फैक्ट्री और हिंदुस्तान केबल्स जैसी फैक्ट्रियों की हजारों एकड़ जमीन को फिर से औद्योगिक उपयोग में लाया जाएगा। मंत्री ने बताया कि इसका प्रस्ताव राज्य सरकार को भेज दिया गया है। इन जमीनों पर कानूनी पेंच हैं, जिसे सुलझाया जा रहा है।

3. दामोदर नदी पर नया पुल:
आसनसोल का बांकुड़ा से सीधा कनेक्शन जोड़ने के लिए दामोदर नदी पर नए पुल का निर्माण होगा। इसका सर्वे RITES कंपनी कर रही है और काम काफी आगे बढ़ चुका है।

4. कालीपहाड़ी से दामोदर तक वैकल्पिक सड़क:
शहर के अंदर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए कालीपहाड़ी से दामोदर की तरफ एक नई वैकल्पिक सड़क बनाने की योजना है।

5. नया टाउनशिप:
पुराने चित्तरंजन और दुर्गापुर की तरह आसनसोल में भी एक नया, पूरी तरह से प्लान्ड टाउनशिप बसाया जाएगा, जहां सड़क, पानी, बिजली, स्कूल, अस्पताल जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं होंगी।

6. एलिवेटेड कॉरिडोर:
दुर्गापुर से आसनसोल तक NH पर बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए एक एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इससे शहर की सड़कों पर गाड़ियों का दबाव कम होगा।

मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा, “हम आज की नहीं, 2055 की आसनसोल की सोच रहे हैं। हमारा फोकस तीन चीजों पर है – उद्योगों के लिए जमीन, बंद जमीनों का सही उपयोग और भविष्य के ट्रैफिक का समाधान।”

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *