पांडवेश्वर बना कश्मीर – जहाँ तक नजर जाए सिर्फ काशफूल की सफेद चादर, दुर्गा पूजा से पहले स्वर्ग जैसा नजारा : जितेंद्र तिवारी
पांडवेश्वर/शिल्पांचल टुडे
दुर्गा पूजा आने में अब बस कुछ ही दिन बाकी हैं और उससे पहले ही माँ के आने का संदेश लेकर सज गया है पांडवेश्वर। यहाँ के खुले मैदानों में जहाँ तक नजर जाती है, सिर्फ काशफूल ही काशफूल नजर आ रहे हैं। ऐसा लग रहा है जैसे धरती पर किसी ने सफेद चादर बिछा दी हो। उक्त बातें पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी ने कही। वे खुद नजारा देखने पहुंचे।
उन्होंने कहा कि हवा में जब ये काशफूल लहराते हैं तो नजारा बिल्कुल स्वर्ग जैसा लग रहा था। उन्होंने कहा कि कई सालों बाद इतनी बड़ी संख्या में काशफूल खिले हैं। शाम होते ही यहाँ सेल्फी लेने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है।
पांडवेश्वर को बनाया जाएगा नया टूरिस्ट स्पॉट
प्रकृति की इसी खूबसूरती को देखते हुए उन्होंने कहा कि पांडवेश्वर को एक नए पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बनाया जाएगा। इससे न सिर्फ यहाँ की सुंदरता देश-दुनिया तक पहुंचेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे।
तो इस पूजा की छुट्टी में अगर आप कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो एक बार पांडवेश्वर जरूर आइए। आसनसोल, दुर्गापुर और आसपास के सभी लोगों को आमंत्रण है – आइए और अपनी आँखों से इस अद्भुत नजारे को देखिए।















