आसनसोल में नए ट्रैफिक नियम से टोटो चालकों में हाहाकार – रोजी-रोटी पर संकट का आरोप, सड़क पर उतरकर किया प्रदर्शन
आसनसोल, शिल्पांचल टुडे
आसनसोल में लागू हुए नए ट्रैफिक नियमों के बाद टोटो चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रोजगार छिनने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को सताईशा इलाके में सैकड़ों टोटो चालक सड़क पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
चालकों का कहना है कि पिछले 7 दिनों से नए प्रतिबंधों के कारण उनकी गाड़ियां बंद पड़ी हैं।
इन रूटों पर लगा है प्रतिबंध
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने शहर में जाम की समस्या को कम करने के लिए बड़े बदलाव किए हैं।
– काली पहाड़ी से सताईशा मोड़ और भगत सिंह मोड़ तक टोटो की नो-एंट्री
– जुबली मोड़ से गैलेक्सी मोड़ तक टोटो बंद
– स्टेशन रोड, हटन रोड और अस्पताल मोड़ पर वन-वे सिस्टम लागू
चालकों ने कहा कि टोटो ही उनके परिवार का एकमात्र सहारा है। गाड़ी नहीं चलेगी तो घर कैसे चलेगा?
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ट्रैफिक व्यवस्था के साथ-साथ उनके रोजगार का भी ख्याल रखा जाए। वैकल्पिक रूट दिया जाए ताकि जाम भी न लगे और उनका चूल्हा भी जलता रहे।















