दुर्गापुर में लोकल नौकरी पर हंगामा – फैक्ट्री गेट जाम कर ग्रामीणों का प्रदर्शन, भाजपा विधायक ने किया समर्थन
दुर्गापुर, शिल्पांचल टुडे
स्थानीय लोगों को रोजगार देने के मुद्दे पर दुर्गापुर में एक बार फिर माहौल गरमा गया है। शुक्रवार को इंडो-अमेरिका मोड़ स्थित एक निजी सरिया फैक्ट्री के मुख्य गेट पर सैकड़ों ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर फैक्ट्री का गेट जाम कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने अपनी बाइक और साइकिलें गेट के सामने खड़ी कर आवाजाही पूरी तरह रोक दी और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर तनाव को देखते हुए पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
क्या है ग्रामीणों का आरोप?
ग्रामीणों का आरोप है कि जब फैक्ट्री दोबारा शुरू हुई थी, तब प्रबंधन ने पहले काम कर चुके 130 स्थानीय मजदूरों को चरणबद्ध तरीके से काम पर रखने का वादा किया था। लेकिन आरोप है कि फैक्ट्री शुरू होने के बाद स्थानीय युवाओं को नजरअंदाज कर बाहरी लोगों को भर्ती किया जा रहा है।
इसी को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने फैक्ट्री अधिकारियों का घेराव भी किया।
इस मामले में स्थानीय भाजपा विधायक लक्ष्मण चंद्रशेखर बनर्जी भी ग्रामीणों के समर्थन में उतर आए हैं और उनकी रोजगार की मांग को जायज बताया है।
वहीं फैक्ट्री प्रबंधन ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि भर्ती नियमों के अनुसार ही हो रही है और इस मुद्दे को बातचीत से सुलझाया जा सकता है।
फिलहाल ग्रामीणों ने साफ कहा है कि जब तक स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।














