जामुड़िया में 20 लाख की फर्जी लॉटरी के साथ एक गिरफ्तार – बाराबनी से बीरभूम ले जा रहा था जाली टिकट, पुलिस ने दबोचा
जामुड़िया, शिल्पांचल टुडे
फर्जी लॉटरी के काले कारोबार पर जामुड़िया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 20 लाख रुपये तक के जाली लॉटरी टिकट के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान एस. के. समीर के रूप में हुई है, जो बीरभूम जिले के कांकड़तला थाना क्षेत्र के बड़रा गांव का रहने वाला है।
कैसे पकड़ा गया?
पुलिस सूत्रों के अनुसार चुरुलिया आउटपोस्ट पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फर्जी लॉटरी टिकटों की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बड़ाकोला घाट इलाके में जाल बिछाया।
बताया जा रहा है कि आरोपी बाराबनी से बीरभूम की तरफ जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 15 से 20 लाख रुपये मूल्य के जाली लॉटरी टिकट बरामद हुए।
पुलिस तुरंत उसे हिरासत में लेकर जामुड़िया थाना ले आई और शुक्रवार को उसे आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया।
अब पुलिस इस बात की जांच में जुट गई है कि इस फर्जी लॉटरी नेटवर्क का मास्टरमाइंड कौन है और इसके तार बाराबनी से बीरभूम तक कहां-कहां जुड़े हैं। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ में इस रैकेट से जुड़े कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं।














