दुर्गा पूजा से पहले कुल्टी को चमकाएगा निगम – कमिश्नर दिलीप मिश्रा का सख्त फरमान, बोले- सड़क पर कचरा फेंकना अब गैरकानूनी
कुल्टी, शिल्पांचल टुडे
दुर्गा पूजा से पहले पूरे आसनसोल को साफ-सुथरा और कचरा मुक्त बनाने के लिए नगर निगम एक्शन में आ गया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को आसनसोल नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा ने कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के तीनों बोरो कार्यालयों में सफाई व्यवस्था को लेकर मैराथन बैठक की।
कुल्टी विधानसभा के अंतर्गत बोरो नंबर 8, 9 और 10 आते हैं। कमिश्नर ने तीनों बोरो के सफाई इंस्पेक्टर, सुपरवाइजर और निर्मल साथी के कर्मचारियों के साथ अलग-अलग बैठक कर साफ-सफाई का मंत्र दिया।
कमिश्नर ने दिए कड़े निर्देश
बैठक में कर्मचारियों से सफाई के दौरान आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही सख्त आदेश दिया कि पूरे क्षेत्र में कहीं भी गंदगी का अंबार नहीं लगना चाहिए।
पत्रकारों से बात करते हुए कमिश्नर मिश्रा ने कहा:
“हमारा लक्ष्य है पूजा से पहले पूरे इलाके को साफ करना। लेबर की कोई कमी नहीं है, हर वार्ड में डेढ़ से दो गुना लेबर है। लेकिन अटेंडेंस और मॉनिटरिंग में कुछ खामियां हैं, जिसे जल्द ठीक किया जा रहा है।”
नए नियम – दुकानदार ध्यान दें
1. हर दुकान में डस्टबिन जरूरी: हर दुकानदार को अपनी दुकान में डस्टबिन रखना होगा। निगम की गाड़ी वहीं से कचरा उठाएगी। रास्ते पर कचरा फेंकना पूरी तरह गैरकानूनी है।
2. 100 किलो से ज्यादा कचरा: जो दुकानदार या मंडी 100 किलो से ज्यादा कचरा निकालते हैं, उन्हें 2026 के सॉलिड वेस्ट नियम के तहत खुद कचरा प्रोसेस करना होगा या फिर बड़ा डस्टबिन लगाकर निगम को देना होगा।
3. गारबेज पॉइंट खत्म: रास्ते के किनारे चार ईंट घेरकर जो अवैध गारबेज पॉइंट बना दिए गए थे, उन्हें तोड़ा जा रहा है। सार्वजनिक जगह पर डस्टबिन बनाना सॉलिड वेस्ट कानून के खिलाफ है।
4. मंदिरों के लिए हेल्पलाइन: मंदिरों और सार्वजनिक संस्थानों के फूल-पत्ती के कचरे के लिए निगम ने हेल्पलाइन जारी की है। उन्हें अलग डस्टबिन दिया जाएगा, जिससे फूलों से अगरबत्ती बनाई जा सकेगी।
कमिश्नर ने साफ कहा कि अब घर-घर से कचरा लेकर एक जगह इकट्ठा कर तुरंत उठाया जाएगा और इसकी मॉनिटरिंग खुद सफाई इंस्पेक्टर और उच्च अधिकारी करेंगे।














