Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

अंडाल में सुबह-सुबह ED का छापा, कांग्रेस नेता सह कारोबारी दिलीप तुरी के घर तलाशी से मचा हड़कंप

शिल्पांचल टुडे, अंडाल।

पश्चिम बर्दवान के खनन क्षेत्र में एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की दबिश से हड़कंप मच गया है। बुधवार तड़के अंडाल के सीएल जामबाद इलाके में ED की टीम ने एक कारोबारी के घर पर छापेमारी की।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कारोबारी का नाम दिलीप तुरी बताया जा रहा है। सुबह कई गाड़ियों में सवार होकर ED के अधिकारी उनके आवास पर पहुंचे। टीम के साथ भारी संख्या में केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान भी मौजूद थे। सुबह-सुबह ED की गाड़ियों को देखकर इलाके में सनसनी फैल गई और घर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

कौन हैं दिलीप तुरी?

सूत्रों के मुताबिक दिलीप तुरी स्थानीय स्तर पर कांग्रेस की राजनीति से जुड़े हुए हैं और एक एनजीओ भी चलाते हैं। इसके अलावा उनका मुख्य कारोबार ईसीएल की विभिन्न कोलियरियों और ओपनकास्ट खदानों में टेंडर के जरिए एंबुलेंस और अन्य चारपहिया वाहन किराए पर देना बताया जा रहा है। बताया जाता है कि वे झारखंड से एंबुलेंस लाकर ईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा देते थे।

कार्रवाई का कारण स्पष्ट नहीं

हालांकि, ED की यह छापेमारी किस मामले को लेकर की गई है, इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। तलाशी के दौरान क्या कुछ बरामद हुआ है या किसी से पूछताछ हुई है, इसकी भी पुष्टि नहीं हुई है।

खनन क्षेत्र में टेंडर प्रक्रिया और लेन-देन को लेकर ED की यह कार्रवाई होने की चर्चा तेज है, लेकिन जांच एजेंसी की तरफ से आधिकारिक बयान आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

नोट: ED की तलाशी या छापेमारी मात्र से किसी व्यक्ति पर आरोप सिद्ध नहीं होते। जांच पूरी होने और एजेंसी के आधिकारिक बयान के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आएगी।


 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *