Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

पांडवेश्वर को फिर से उद्योग का हब बनाने की तैयारी, ‘इंडस्ट्रीज एंड इन्वेस्टमेंट कॉन्क्लेव 2026’ में 1000 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, बोले विधायक – अब डर नहीं, उद्योग का माहौल

 

शिल्पांचल टुडे, पांडवेश्वर।

पांडवेश्वर को एक बार फिर से पश्चिम बंगाल के औद्योगिक मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करने के उद्देश्य से मंगलवार को ‘पांडवेश्वर इंडस्ट्रीज एंड इन्वेस्टमेंट कॉन्क्लेव 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कॉन्क्लेव में उद्योग जगत की कई बड़ी हस्तियों, निवेशकों और उद्यमियों ने हिस्सा लिया।

पांडवेश्वर में बदला है माहौल, खत्म हुआ भय का दौर

कभी पांडवेश्वर को लेकर व्यापारियों और उद्यमियों के मन में डर और असुरक्षा का माहौल था। लेकिन अब तस्वीर बदल चुकी है। पिछले कुछ महीनों में प्रशासन और पुलिस की सख्त कार्रवाई के बाद व्यापारियों से अवैध वसूली (तोलाबाजी) पर पूरी तरह से लगाम लगाई गई है। प्रशासन का एक ही लक्ष्य है – पांडवेश्वर में ऐसा बिजनेस-फ्रेंडली माहौल बनाना जहाँ उद्यमी बिना किसी डर के निवेश कर सकें।

मौके पर आयोजकों ने स्पष्ट किया कि उद्योग लगने से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, लेकिन साथ ही श्रमिकों के अधिकार और श्रम कानूनों का भी पूरी तरह से पालन करना होगा। किसी भी समस्या का समाधान कानून के दायरे में होगा, जोर-जबरदस्ती से नहीं।

क्यों निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है पांडवेश्वर?

कॉन्क्लेव में बताया गया कि पांडवेश्वर में निवेश के लिए कई अनुकूल परिस्थितियां मौजूद हैं:
– कम कीमत पर जमीन की उपलब्धता
– बेहतरीन कनेक्टिविटी और सड़क मार्ग
– अंडाल एयरपोर्ट से नजदीकी
– नए इंफ्रास्ट्रक्चर की अपार संभावनाएं
– उद्योग के साथ-साथ पर्यटन में भी बड़ा स्कोप

1000 करोड़ के निवेश प्रस्ताव ने बढ़ाया उत्साह

इस सम्मेलन की सबसे बड़ी सफलता यह रही कि इंडस्ट्रीज एंड इन्वेस्टमेंट कॉन्क्लेव के ही दिन लगभग 1000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं, जो पांडवेश्वर की क्षमता को दर्शाता है।

विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा, “हमारा लक्ष्य सिर्फ घोषणा करना नहीं है। आने वाले दिनों में हम जनता के सामने हिसाब रखेंगे कि कितनी फैक्ट्रियां लगीं, कितना निवेश आया और कितने युवाओं को रोजगार मिला।”

कौन-कौन रहा मौजूद?

इस अवसर पर राज्य के उद्योग मंत्री तापस रॉय, राज्य मंत्री मौमिता विश्वास मिश्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मण चंद्र घोरुई, आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, बाराबनी के विधायक अरिजीत रॉय, रानीगंज के विधायक पार्थ घोष, जिला शासक, पुलिस आयुक्त सहित कई बड़े उद्योगपति, निवेशक और व्यापारी व नेता मौजूद थे।

अंत में सभी उद्यमियों से आह्वान किया गया – “आइए, पांडवेश्वर में निवेश कीजिए। आइए, पांडवेश्वर का नया आर्थिक भविष्य बनाते हैं।”


 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *